CG News: कांग्रेस की प्रेस वार्ता: बलौदाबाजार घटना पर भाजपा सरकार की नाकामी और अलोकतांत्रिक रवैया पर हमला…

CG News: छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रेस कॉन्फ्रेंस:
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बलौदाबाजार मामले में साय सरकार की नाकामी और उसकी बदनामी को छुपाने की कोशिश पर हमला बोला है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष के नेताओं को परेशान कर रही है और विधायक देवेन्द्र यादव की गिरफ्तारी भाजपा की बौखलाहट को दर्शाती है। यादव की गिरफ्तारी को विपक्ष को बदनाम करने की साजिश बताया गया है।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यादव ने न तो भाषण दिया और न ही कलेक्टर ऑफिस के प्रदर्शन में शामिल हुए। वे पांच मिनट के लिए भीड़ में रुके थे, और किसी हिंसक घटना में उनकी संलिप्तता का कोई साक्ष्य नहीं है। पुलिस ने उन्हें गलत तरीके से गिरफ्तार किया है।
कांग्रेस ने सरकार से सवाल उठाया कि भाजपा नेताओं को कब नोटिस दिया गया और पूछताछ की गई। भाजपा सरकार के अलोकतांत्रिक व्यवहार की आलोचना की गई और आरोप लगाया कि पत्रकारों को झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। बलौदाबाजार में सतनामी समाज और कांग्रेस के लोगों को जानबूझकर जेलों में डाला गया है।
कांग्रेस ने बलौदाबाजार में आगजनी की घटना के लिए भाजपा सरकार को दोषी ठहराया, आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन की लापरवाही के कारण यह घटना हुई। कांग्रेस ने मांग की कि इस आंदोलन में भाजपा के जिलाध्यक्ष और अन्य नेताओं की भूमिका की जांच की जाए।
साथ ही, यह भी सवाल उठाया गया कि कलेक्टर से अनुमति दिलाने वाला कौन था, रैली के लिए व्यवस्था कौन कर रहा था, और भड़काऊ भाषण देने वाले को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। कांग्रेस ने सरकार से यह भी पूछा कि पुलिस की निष्क्रियता और घटना को रोकने में विफलता पर जवाबदेही तय की जाए।
यह प्रेस कॉन्फ्रेंस पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, पूर्व मंत्री शिवकुमार डहरिया, सचिव व पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, भाटापारा विधायक इन्द्र कुमार साव, रायपुर शहर अध्यक्ष गिरीश दुबे और रायपुर ग्रामीण अध्यक्ष उधो राम वर्मा ने संबोधित की।