लाइफस्टाइल और आहार को ठीक रखने से इम्युनिटी को मजबूत बनाने में मिल सकती है मदद

01 अप्रैल 2024 | इम्युनिटी मजबूत मतलब संक्रामक रोगों का खतरा कम। यही कारण है कि कोरोना महामारी के दौरान सभी लोगों को इम्युनिटी बढ़ाने वाले उपाय करते रहने की सलाह दी जा रही थी। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, रोग प्रतिरोधक क्षमता का निर्माण सतत प्रक्रिया है यानी कि इसके लिए आपको नियमित रूप से प्रयास करते रहने की जरूरत होती है। लाइफस्टाइल और आहार को ठीक रखने से इम्युनिटी को मजबूत बनाने में मदद मिल सकती है।

आहार विशेषज्ञ कहते हैं, कुछ प्रकार के फलों के सेवन को इम्युनिटी सिस्टम के लिए काफी लाभप्रद माना जाता रहा है। कीवी ऐसा ही एक फल है, जो विटामिन-सी जैसे प्रभावी एंटीऑक्सीडेंट का अच्छा स्रोत तो है हो साथ ही इसमें प्लांट बेस्ड पोषक तत्वों की भी भरपूर मात्रा होती है जो आपके शरीर को अंदर से मजबूत बनाने में मदद करते हैं।
कीवी कई प्रकार से लाभकारी
अध्ययनों में भी पाया गया है कि कीवी अत्यधिक पौष्टिक होने के साथ विभिन्न प्रकार के विटामिन्स-खनिजों और फाइबर से भरपूर होते हैं। इनमें विशेष रूप से विटामिन-सी प्रचुर मात्रा में होता है, जो प्रतिरक्षा स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है। विटामिन-सी प्रभावी एंटीऑक्सीडेंट के रूप में काम करता है जो शरीर को कई प्रकार की क्रोनिक बीमारियों से बचाने में मददगार हो सकता है। सभी लोगों को रोजाना आहार में एक कीवी जरूर खाना चाहिए।
विटामिन-सी की कमी होती है पूरी
कीवी में विटामिन-सी की उच्च मात्रा में होती है, ये पोषक तत्व आपकी कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव डैमेज से बचाने में मदद करता है और शरीर में कई अन्य महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अध्ययनों से पता चलता है कि कीवी खाने से आपकी इम्युनिटी काफी मजबूत होती है। लो विटामिन सी स्तर वाले 15 पुरुषों पर किए गए एक अध्ययन से पता चला कि 6 सप्ताह तक प्रति दिन एक कीवी खाना स्वस्थ विटामिन सी का स्तर बनाने में पर्याप्त था।