छत्तीसगढ़
Trending

ईडी की कार्रवाई पर बोले खरगे- कांग्रेस कार्यकर्ताओं को डराने और हतोत्साहित करने के लिए हो रही कार्रवाई

नई दिल्ली, 06 नवंबर  कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने छत्तीसगढ़ और राजस्थान में ईडी की कार्रवाई को लेकर मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। खरगे ने मध्य प्रदेश के बालाघाट और डिंडौरी में आयोजित जनसभाओं में जांच एजेंसियों को मोदी सरकार की फ़ौज बताते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में डर पैदा करने के लिए ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआई की कार्रवाई हो रही है, कांग्रेस ने अंग्रेजी हुकूमत को भारत से भगा दिया था, तो मोदी-शाह क्या हैं?कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा चाहते हैं कि कांग्रेस डर जाए और कांग्रेस कार्यकर्ता घर बैठ जाएं, हतोत्साहित हो जाएं। पीएम मोदी सोच रहे हैं कि इससे भाजपा को फायदा होगा, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी की सोच गलत है। कांग्रेस किसी भी हालत में ये चुनाव जीतने वाली है। जनसभाओं में उमड़े जनसैलाब को संबोधित करते हुए श्री खरगे ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह कितने ही झूठ बोलें, झूठे आश्वासन दें। कुछ नहीं होने वाला है। मध्य प्रदेश में कांग्रेस जीतने वाली है। पिछले 19 साल से सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा मध्य प्रदेश में विकास नहीं कर पाई है। भाजपा सरकार ने गरीबों, दलितों और आदिवासियों के लिए कुछ नहीं किया। भाजपा एक प्रदेश नहीं सुधार पाई, तो देश क्या सुधारेगी। भाजपा शासित मध्य प्रदेश में हर चीज़ में घोटाला है। मध्यप्रदेश में 225 महीने की भाजपा सरकार में 250 से ज्यादा घोटाले हुए हैं। सरकारी रिपोर्टों ने डेढ़ लाख करोड़ रु के घोटालों का पर्दाफाश किया है। मध्य प्रदेश की जनता अब भ्रष्ट भाजपा सरकार को कड़ी सजा देगी। श्री खरगे ने कहा कि सोनिया गांधी जी गरीबों के लिए मनरेगा योजना लाई थी। भाजपा ने संसद में मनरेगा को कांग्रेस का स्मारक बताया था। यही मनरेगा कोरोना के वक्त काम आई। भाजपा की योजना अडाणी, अंबानी जैसे उद्योगपतियों का पेट भरने की है। पीएम मोदी सिर्फ झूठे वादे करते हैं, लेकिन कभी उन वादों को पूरा नहीं करते। पीएम मोदी ने प्रति वर्ष दो करोड़ रोजगार, 15 लाख रुपए और किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन किसी के लिए कुछ नहीं किया। मोदी जी झूठों के सरदार हैं।खरगे ने कहा कि मोदी जी करीब 10 साल से प्रधानमंत्री हैं, लेकिन वे कांग्रेस एवं गांधी परिवार को कोसने के अलावा और कोई काम नहीं करते। पीएम मोदी कहते हैं कि कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। प्रधानमंत्री मोदी भूल गए हैं कि उन्हें सत्ता में आए दस साल ही हुए हैं। इसके पहले देश में बड़े-बड़े कारखाने, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय कांग्रेस ने ही बनवाए थे। हिन्दुस्तान में जब अन्न की कमी थी, तब कांग्रेस हरित क्रान्ति लेकर आई। कांग्रेस फूड सिक्योरिटी एक्ट लाई। आज 140 करोड़ लोगों के हाथ में मोबाइल है। ये कांग्रेस की देन है। इस दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, मध्य प्रदेश के प्रभारी महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button